भाजपा सरकार के राज में विकास का पहिया ठप्प, 2022 में कांग्रेस की होगी सरकार- सजवाण

भाजपा सरकार के राज में विकास का पहिया ठप्प, 2022 में कांग्रेस की होगी सरकार- सजवाण
Please click to share News

गढ़ निनाद समाचार* 30 जनवरी 2021

नई टिहरी। गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक व टिहरी जिले के कांग्रेस प्रभारी विजय पाल सिंह सजवाण व सह प्रभारी अतोल रावत आज शनिवार को अपने दो दिवसीय भ्रमण पर टिहरी पहुंचे। उन्होंने आज सबसे पहले गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

इससे पहले कांग्रेसजनों ने जिलाध्यक्ष राकेश राणा की अगुवाई में डाइजर में अतिथियों का स्वागत किया गया।  वहां से वाहनों से हनुमान चौक, मोलधर, ओपन मार्केट, गणेश चौक होते हुए मिलन केंद्र तक नारेबाज़ी करते हुए रैली निकाली। तत्पश्चात मिलन केंद्र बौराड़ी में कांग्रेस की बैठक में शिरकत कर संगठन को मजबूती प्रदान करने समेत कई अहम मसलों पर कांग्रेसजनों से चर्चा की।

यहां मीडिया से वार्ता करते हुए श्री सजवाण ने कहा कांग्रेस आगामी 2022 में सत्ता में आएगी इसके लिए बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं को और सक्रिय करने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश प्रभारी जी ने उन्हें टिहरी और नरेन्द्र नगर दो सांगठनिक जिलों में संगठन को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा है। जिले की 6 विधान सभाओं में प्रभारी, सह प्रभारी बनाये गए हैं ताकि संगठन मजबूत हो सके।

कहा हम भाजपा के 4 साल के इस पूरे कार्यकाल की विफलता को लेकर आमजन तक जाएंगे और बूथों को मजबूत करने का काम करेंगे। कहा कि प्रदेश की जीरो टॉलरेंस की सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं खुद सीएम सुप्रीम कोर्ट के रहमोकरम पर अभी बचे हैं, भेड़ पालन का मुद्दा हो तमाम मुद्दों पर हम हर विधनसभा में आक्रोश रैली निकालने का काम करेंगे और आज इसी बैठक में 2022 में पुनः सरकार बनाने का संकल्प लेकर जाएंगे।

सजवाण ने कहा कि आज इस सरकार के उन तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ पूरे देश में हमारा अन्नदाता किसान सड़कों पर है। आज हम तमाम कांग्रेस के लोग उन किसान भाइयों को अपना समर्थन देने यहां आए हैं। बेरोज़गारी, महँगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है। कहा कि जब आंकड़े आते हैं कि बेरोज़गारी के मुद्दे पर उत्तराखंड पहले नम्बर पर है तो अफसोस होता है। नौकरी यह सरकार दे नहीं रही, अगर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो भी गयी तो उसमें भी भ्रष्टाचार जैसे फारेस्ट गार्ड भर्ती में हुआ। पलायन के मुददे पर भी कुछ नहीं हुआ, आज प्रवासियों के लिए कोई रोजगार नहीं है सब लोग अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

तत्कालीन हरीश रावत जी की सरकार के दौरान जो विकास का पहिया हमने आगे बढ़ाया था वह रुक गया है, उस समय की योजनाओं पर काम नहीं हो रहा है। उस समय की जो योजनाएं स्वीकृत हैं उन पर अपने नाम का पत्थर लगाने के सिवा कुछ नहीं हो रहा हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर हम 2022 के चुनाव में जनता के दरबार में जाएंगे और निश्चित तौर पर हम अगली सरकार बनाने में कामयाब होंगे।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेरोज़गारों की बड़ी फ़ौज खड़ी हो गई है, किसानों का उत्पीड़न, महिलाएं सुरक्षित नहीं, नौकरी है नहीं, महंगाई चरम पर इन सारे सवालों को लेकर आज पूज्य बापूजी की पुण्यतिथि पर हम कांग्रेस के लोग संकल्प लेंगे कि 2022 में इस नाकारा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और हम सरकार बनाएंगे।

मिलन केंद्र में पार्टी की बैठक का संचालन करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने सभी कार्यकर्ताओं व अथितियों का स्वागत किया। बैठक में पूर्व पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट,जिले के प्रभारी विजयपाल सजवाण, अतोल रावत, विजयलक्ष्मी थलवाल, चम्बा नगर पालिका की अध्यक्ष सुमना रमोला, टिहरी पालिका अध्यक्ष सीमा कृशाली, प्रताप नगर ब्लाक प्रमुख प्रदीप रमोला, सभी शहर/ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई ,सेवादल समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।  


Please click to share News

Govind Pundir

Related News Stories