7 घंटे तक फ्रीजर में पड़ा शव अचानक हुआ जिंदा

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

Garh Ninad Desk

मुरादाबाद। आप विश्वास करें न करें। करें भी तो कैसे। दरअसल जिस शख्स को सात घंटे पहले डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था, वह जिंदा हो उठा। अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। गुस्साए परिवार जनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की।

यह मामला है उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का, जहां एक तेज रफ्तार गाड़ी ने सड़क पर जा रहे एक शख्स को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। 

अगले दिन अस्पताल के कर्मचारियों ने शव को फ्रीजर में रख दिया। फ्रीजर में करीब 7 घंटे तक पड़े हुए शव को जब परिवार को हैंडओवर करने की बात चल रही थी तो तभी एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम के चलते शव के शरीर में हलचल सी हुई। तत्काल डॉक्टर्स की टीम ने शव की जांच की तो पता चला कि वह शख्स जीवित है। जिसे फिर से अस्पताल में भर्ती करा दिया गया । 

सूत्रों के अनुसार अस्पताल में उक्त शख्स में कुछ सुधार है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की बात कही है। उधर मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि इमरजेंसी डॉक्टर ने सुबह तीन बजे मरीज को देखा था, तब उसका दिल नहीं धड़क रहा था। डॉक्टर ने कई बार उस व्यक्ति की जांच की थी, लेकिन सभी जांचों के बाद ही उसे मृत घोषित किया गया था । 

बहरहाल इस मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि डॉक्टर द्वारा मृत घोषित करने के बाद सही ढंग से जांच हुई थी या नहीं ? 

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!