नई टिहरी में सड़क हादसा: महिला और दो भतीजियों की दर्दनाक मौत

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 23 जून । सोमवार शाम को नई टिहरी जिला मुख्यालय के बौराड़ी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने पैदल टहल रही एक महिला और उसकी दो भतीजियों को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों बच्चियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हो गए, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


घटना के अनुसार, बौराड़ी निवासी महिला रीना नेगी (36) पत्नी रविन्द्र सिंह नेगी अपनी दो भतीजियों अग्रिमा (10) और अन्विता (7), के साथ नगर पालिका कार्यालय रोड पर शाम करीब सात बजे इवनिंग वॉक कर रही थीं। तभी जाखणीधार के विकास अधिकारी डीपी चमोली, तेज गति से वाहन चलाते हुए आया और तीनों को कुचल दिया। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बच्चियों को गंभीर घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपी चालक डीपी चमोली को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की तेज गति और चालक की लापरवाही हादसे का मुख्य कारण थे। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डाल दिया है। मृतक महिला रीना नेगी के पति रविन्द्र सिंह नेगी बौराड़ी में ही व्यवसाय करते हैं, जबकि बच्चियों के पिता सुरेंद्र सिंह नेगी सोशल फाइनेंस में नौकरी करते हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है और स्थानीय लोग इस हादसे से बेहद दुखी और आक्रोशित हैं। परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!