नगर निगम ऋषिकेश द्वारा दीपावली पर वायु प्रदूषण रोकथाम हेतु ड्रोन से विशेष छिड़काव अभियान प्रारंभ

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 31 अक्टूबर: दीपावली के शुभ अवसर पर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से नगर निगम ऋषिकेश ने विशेष छिड़काव अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान अगले तीन दिनों तक नगर निगम कार्यालय परिसर एवं राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में ड्रोन के माध्यम से पानी का छिड़काव कर वायु को शुद्ध करने का कार्य करेगा।

यह गतिविधि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य वायु की गुणवत्ता में सुधार करना है। दीपावली के अवसर पर पटाखों और आतिशबाजी से बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यह प्रयास किया गया है।

नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने जानकारी दी कि नगर निगम अपने स्तर पर भी स्प्रिंकल मशीनों का उपयोग कर मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पानी का छिड़काव कर रहा है। ये मशीनें लगभग 40-50 मीटर की ऊँचाई तक पानी फेंकने में सक्षम हैं, जिससे धूल कणों और धुएं को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है।

साथ ही, नगर निगम ने डेंगू रोकथाम के लिए उपयोग में लाई जा रही मशीनों के माध्यम से शहर की आवासीय कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों में भी पानी का छिड़काव किया है।

हाल ही में जारी राष्ट्रीय रिपोर्ट के अनुसार, ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में 40% से अधिक सुधार देखा गया है, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर नगर निगम की इस पहल की सराहना की गई। यह सभी गतिविधियां वायु की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुधार के लिए नगर निगम द्वारा की जा रही हैं।

Share This Article
error: Content is protected !!