टिहरी पुलिस ने विकास मेले में चलाया जनजागरूकता अभियान, साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ दी अहम जानकारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 25 मार्च 2025 । जिले के बौराड़ी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज में चल रहे विकास मेले के दौरान टिहरी पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत थाना टिहरी पुलिस ने विस्तृत जानकारी साझा की। लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, बाल अपराध, ‘गुड टच – बैड टच’, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व को समझाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। साथ ही बताया गया कि किसी अज्ञात कॉल, लिंक या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं। यदि कोई साइबर फ्रॉड हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं। महिलाओं और छात्राओं को गौरा शक्ति एप्प और 1090 महिला हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं को आत्मरक्षा के जरूरी टिप्स भी दिए, ताकि वे किसी भी अनहोनी स्थिति में खुद का बचाव कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने अपील की कि युवा नशे से दूर रहें और अपने परिवार व दोस्तों को भी इस बुरी लत से बचाएं। पुलिस ने नागरिकों को प्रेरित किया कि वे आगामी नगर निकाय चुनावों में बिना किसी भय और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

साइबर अपराध से बचाव के लिए 1930, महिला अपराध के लिए 1090, आपातकालीन सहायता के लिए 112 और बाल अपराध की शिकायत के लिए 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। टिहरी पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस जानकारी को अपने परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंचाकर समाज को अधिक सतर्क और सुरक्षित बनाने में सहयोग दें।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!