नई टिहरी: बौराडी स्टेडियम में RSS के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग का भव्य समापन

नई टिहरी: बौराडी स्टेडियम में RSS के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग का भव्य समापन
Please click to share News

टिहरी गढ़वाल 14 जून 2025 । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) उत्तराखंड प्रांत का 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (विशेष 2082) का समापन शनिवार को बौराडी स्टेडियम में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रिटायर्ड कर्नल शूरवीर सिंह नेगी (सेना) और मुख्य वक्ता श्रीमान महेंद्र जी (क्षेत्र प्रचारक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश) ने उपस्थित स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण और समर्पण की प्रेरणा दी।

मुख्य वक्ता श्री महेंद्र जी
मुख्य अतिथि कर्नल शूरवीर सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा, "राष्ट्र को समर्पित समाज के निर्माण की भावना से शुरू हुआ संघ का विचार आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन बन चुका है। मुझे विश्वास है कि आप सभी इस प्रशिक्षण को आगे ले जाएंगे।" उन्होंने संघ परिवार का हृदय से आभार जताया और इस आयोजन में शामिल होने को अपना सौभाग्य बताया।

महेंद्र जी का प्रेरक और विस्तृत संदेश
क्षेत्र प्रचारक पश्चिमी उत्तरप्रदेश श्रीमान महेंद्र जी ने अपने विस्तृत संबोधन में संघ की 100 साल की यात्रा को याद करते हुए स्वयंसेवकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “सभी शिक्षार्थी बंधुओं, आज के इस समापन समारोह में पधारे इस अंचल के सभी श्रद्धालु, सम्माननीय बंधु और मातृशक्ति को मेरा नमन। जिस प्रकार का यह वर्ग टिहरी में आयोजित हुआ, ऐसे वर्ग पूरे भारत में सभी प्रांतों में होते हैं। कहीं एक स्थान पर, कहीं दो स्थानों पर। उत्तराखंड में यह वर्ग टिहरी में हुआ, तो दूसरा वर्ग हल्द्वानी में संपन्न हुआ। इसके अलावा रुड़की में कार्यकर्ता विकास वर्ग भी आयोजित हो रहा है। कुल मिलाकर, उत्तराखंड में तीन वर्गों का आयोजन हुआ।

“उन्होंने संघ की स्थापना और विस्तार पर प्रकाश डालते हुए कहा, “1925 में नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शुरुआत हुई। पहले एक शाखा लगी, फिर धीरे-धीरे यह कार्य महाराष्ट्र के बाहर बड़े शहरों तक पहुंचा। चाहे उत्तर प्रदेश का लखनऊ हो, उस समय का पंजाब का लाहौर, बंगाल का ढाका, गुवाहाटी, दक्षिण भारत का बेंगलुरु या एर्नाकुलम—संघ का कार्य सभी जगह पहुंचा। धीरे-धीरे यह सभी जिलों में फैल गया। देशभक्त कार्यकर्ताओं का निर्माण होने लगा।

उन्होंने कहा इस बीच 1948 में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई—पूज्य महात्मा गांधी जी की हत्या। इस घटना का दोष संघ पर लगाया गया और संघ को प्रतिबंधित कर दिया गया। देशभर में स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया, उन पर अत्याचार हुए। लेकिन जहां सत्य होता है, वहां विजय होती है। अंततः न्यायालय ने स्वीकार किया कि संघ का गांधी जी की हत्या से कोई संबंध नहीं था।

“महेंद्र जी ने आगे कहा, “इस घटना के बाद भी संघ को बदनाम करने की कोशिशें हुईं। जहां भी स्वयंसेवक जाते, उन्हें गालियां सुननी पड़तीं—’आपने गांधी जी की हत्या की, आप हत्यारे हो।’ लेकिन धैर्य और सत्य के बल पर संघ का कार्य बढ़ता गया। सभी जिलों, तहसीलों तक पहुंच गया। फिर 1975 में आपातकाल लगा। एक बार फिर संघ के कार्यकर्ताओं को जेल में डाला गया, अत्याचार सहने पड़े। लेकिन सत्याग्रह आंदोलन और देशभर में परिवर्तन की लहर ने प्रतिबंध हटवाया। इसके बाद राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान 1992 में फिर प्रतिबंध लगा। इन 100 सालों में संघ को तीन बार ऐसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

“उन्होंने संघ के विस्तार पर जोर देते हुए कहा, “आज पूरे देश की ग्राम पंचायतों में संघ का कार्य पहुंच चुका है, सिवाय कुछ राज्यों के जहां पहुंचना कठिन है या हिंदुओं की आबादी कम है। यह हिंदुओं का देश है। जैसे एक खेत में गेहूं की खेती होती है, लेकिन बीच-बीच में छोटे पौधे या लताएं निकल आती हैं। फिर भी उसे गेहूं का खेत ही कहा जाता है। वैसे ही भारत हिंदुओं का देश है। यहां अन्य पूजा पद्धतियों और मतों को मानने वाले रह सकते हैं, लेकिन यह मिला-जुला देश नहीं है। भारत की संस्कृति अटल है।

“महेंद्र जी ने विश्व में भारत की पहचान पर प्रकाश डाला, “दूसरे देशों के लोग जानते हैं कि दर्शन शास्त्र, गीता, योग, वेद, और संस्कृत का अध्ययन करने के लिए भारत आना होगा। पूरी दुनिया को यह पता है, लेकिन हमारे यहां कुछ लोग इसे समझने को तैयार नहीं। भारत हिंदुओं का देश है और रहेगा।

15 जून को सुबह 5:00 बजे शुरू हुआ यह समापन समारोह विभिन्न गतिविधियों से भरा रहा। उत्तराखंड में तीन वर्गों का आयोजन किया गया, जिसमें टिहरी और हल्द्वानी के अलावा रुड़की में कार्यकर्ता विकास वर्ग भी शामिल था।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, ईडी टीएचडीसी एल.पी. जोशी, टिहरी पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभनी धनौला, जिला अध्यक्ष भाजपा उदय रावत, अब्बल सिंह बिष्ट, लाखी राम जोशी, सुनीता देवी, शिवानी विष्ट, सतीश थपलियाल, जगतमणि पैन्यूली, जगजीत नेगी, सहित बड़ी संख्या में संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आमंत्रण और आभार
संयोजक कैलाश मैंदोला (सचिव, संच शिक्षा वर्ग) और संयोजक सत्यप्रसाद सेमवाल (मा. जिला संचालक तीर्थ) ने सभी अतिथियों और स्वयंसेवकों का हार्दिक स्वागत और धन्यवाद किया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।


Please click to share News

Govind Pundir

Related News Stories