आज पूरा देश राममय हो गया है- नरेंद्र मोदी

आज पूरा देश राममय हो गया है- नरेंद्र मोदी
Please click to share News

राममंदिर के लिए भूमि पूजन सम्पन्न

गढ़ निनाद न्यूज़* 5 अगस्त 2020

अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रामलला के दर्शन करने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गये हैं। उन्होंने रामलला के सामने दो बार साष्टांग प्रणाम किया। हनुमान गढ़ी में पूजा भी की। आज पूरी अयोध्या राममय हुई है। नरेंद्र मोदी 1992 में अयोध्या आए थे. इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री रहते हुए अयोध्या जिले में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए थे, लेकिन रामलला का दर्शन नहीं किया था। आज उन्होंने मंदिर की नींव रखी।

आज राममंदिर भूमि पूजन में पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा राम आज भी हमारे मन में बसे हैं। हमारी संस्कृति का आधार हैं। श्रीराम भारत के मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं, हमारे भीतर घुल-मिल गए हैं। श्रीराम का मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक प्रतीक बनेगा। हमारी आस्था का प्रतीक बनेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि हमें आपसी प्रेम-भाईचारे के संदेश से राममंदिर की शिलाओं को जोड़ना है, जब-जब राम को माना है विकास हुआ है जब भी हम भटके हैं विनाश हुआ है। हमें सभी की भावनाओं का ध्यान रखना है। कहा कि कोरोना के कारण जैसे हालात हैं, राम के द्वारा दिया गया मर्यादा का रास्ता जरूरी है।

कहा- ‘भारत की आस्था, भारत के लोगों की सामूहिक शक्ति दुनिया के लोगों के लिए अध्य्यन और शोध का विषय है। श्री राम का चरित्र सबसे अधिक जिस केंद्र बिंदु पर घूमता है, वो है सत्य पर अड़े रहना।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भगवान बुद्ध भी राम से जुड़े हैं तो सदियों से ये अयोध्या नगरी जैन धर्म की आस्था का केंद्र भी रही है। राम की यही सर्वव्यापकता भारत की विविधता में एकता का जीवन चरित्र है। जीवन का ऐसा कोई पहलू नहीं है, जहां हमारे राम प्रेरणा न देते हों। कहा कि राममंदिर के निर्माण की ये प्रक्रिया, राष्ट्र को जोडऩे का उपक्रम है। ये महोत्सव विश्वास को विद्यमान से जोड़ने का है और नर को नारायण से जोड़ने का है। 

मोदी ने कहा कि आज भी भारत के बाहर दर्जनों ऐसे देश हैं जहां, वहां की भाषा में रामकथा प्रचलित है। उन्होंने की ऐसे उदाहरण दिए। कहा मुझे विश्वास है कि आज इन देशों में भी करोड़ों लोगों को राम मंदिर के निर्माण का काम शुरू होने से बहुत खुश होंगे। आखिर राम सबके हैं, सब में हैं। तुलसी के राम सगुण राम हैं, तो नानक और कबीर के राम निर्गुण राम हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि विश्व की सर्वाधिक मुस्लिम जनसंख्या जिस देश में है वो है इंडोनेशिया और वहां रामायण के कई रूप देखने को मिलते हैं, वहां भी राम आराध्य के रूप में पूजे जाते हैं। दुनिया के न जाने कितने छोर हैं जहां की आस्था में और न जाने कितने रूपों में राम को लोग आराध्य मानते हैं। ऐसे सभी देशों में राम मंदिर के निर्माण के शुरू होने से उत्साह है। कहा- ‘मुझे विश्वास है कि यहां निर्मित होने वाला राम मंदिर अनंत काल तक पूरी मानवता को प्रेरणा देता रहेगा। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि वो खुद को सौभाग्यशाली समझते हैं कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इतने बड़े कार्य और राम मंदिर के शुभ भूमि पूजन के लिए उन्हें चुना है, करोड़ों लोगों को इस बात का विश्वास ही नहीं हो रहा होगा कि वो अपने जीते-जी इस कार्य को शुरु होते हुए देख रहे हैं। 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में 12 बजकर 44 मिनट 8 सेकंड पर शुभ मुहूर्त में राम मंदिर की नींव रखी। इससे पहले चांदी की 9 शिलाओं का पूजन किया गया। अयोध्या पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन किए और आरती उतारी। मंदिर के मुख्य पुजारी ने उन्हें चांदी की मुकुट और वस्त्र भेंट किए। इसके बाद, मोदी ने रामलला के दर्शन किए। वे रामलला के दर्शन करने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने रामलला मंदिर में और मंच पर साष्टांग प्रणाम किया।

आज अयोध्या पूरी तरह से राममय हो गई है और शहर में उत्सव जैसा माहौल है। शहर में जगह-जगह राम के गीतों के साथ चरणामृत बांटा जा रहा है। 


Please click to share News

Govind Pundir

Related News Stories