गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, सीएम धामी ने दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, सीएम धामी ने दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की
Please click to share News

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के कपाट 11 बजकर 15 मिनट पर और यमुनोत्री धाम के कपाट 12 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरूआत हो चुकी है। अक्षय तृतीया के पावन मौके पर चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट विधि विधान के साथ खोल दिए गए हैं।

इस मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। उन्होंने पूजा अर्चना कर प्रदेश की जनता की खुशहाली की कामना की और मां का आशीर्वाद लिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी देवताओं के आशीर्वाद से इस बार चारधाम यात्रा ऐतिहासिक होगी। चारधाम यात्रा में कई सामाजिक संस्थाएं व संगठन भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आगे आ रहे हैं। कहा कि यात्रा पूरी क्षमता के साथ शुरू हो रही है। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने से हमारे लिए चुनौती भी है। सरकार व  प्रदेश की जनता मिल कर यात्रा को सफल बनाएंगे।

सोमवार को गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा से मां गंगा की डोली भी गंगोत्री के लिए रवाना हुई। उत्सव डोली मुखबा से मार्केंडेय मंदिर, देवी मंदिर होते हुए भैरव घाटी पहुंची। भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद आज डोली गंगोत्री पहुंची।

डोली के साथ जम्मू कश्मीर लाइव इन्फेंट्री रेजिमेंट के जवान अपने बैंड के साथ इस उत्सव में पहुंचे हैं जो कि डोली यात्रा के साथ गंगोत्री पहुंचे।

वहीं आज भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली द्वितीय रात्रि प्रवास के लिए फाटा, चार मई को गौरीकुंड एवं पांच मई को केदारनाथ धाम पहुंचेगी। छह मई को प्रातः 6 बजकर 25 मिनट पर भगवान केदारनाथ के तथा 8 मई को श्री बद्रीनाथ जी के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बता दें कि कोविड महामारी के कारण बीते दो साल के बाद चारधाम यात्रा पूरी क्षमता के साथ  शुरू हुई है। जहां वर्ष 2020 व 21 में चार धामों के कपाट खुलने से पहले कोरोना की पहली व दूसरी लहर में संक्रमण चरम पर था। जिससे कपाट खुलने के बाद भी बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं के बिना सन्नाटा था। 2 साल के इंतजार के बाद 2022 की चारधाम यात्रा कोविड प्रतिबंधों से मुक्त होने के कारण यात्रियों में खासा उत्साह है। उम्मीद है कि इस बार चारधाम यात्रा अपना रिकॉर्ड तोड़ देगी।


Please click to share News

Garhninad Desk

Related News Stories