रेड क्रॉस स्थापना दिवस पर खाड़ी महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित, छात्रों को दी गई सेवा, स्वास्थ्य व मित्रता की प्रेरणा

रेड क्रॉस स्थापना दिवस पर खाड़ी महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित, छात्रों को दी गई सेवा, स्वास्थ्य व मित्रता की प्रेरणा
Please click to share News

टिहरी गढ़वाल 8 मई 2025। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में रेड क्रॉस सोसाइटी के स्थापना दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह की अनुमति एवं मार्गदर्शन में रेड क्रॉस समिति की नोडल अधिकारी डॉ. ईरा सिंह के संयोजन में संपन्न हुआ।

संगोष्ठी में छात्रों को यूथ रेड क्रॉस की स्थापना, उसके उद्देश्यों, सिद्धांतों तथा स्वयंसेवकों के लिए दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों—जैसे स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण इत्यादि की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

डॉ. ईरा सिंह ने रेड क्रॉस के मूल मंत्र “सेवा, स्वास्थ्य और मित्रता” पर विशेष जोर देते हुए कहा, “मानवता की सेवा करना ही सबसे महान सेवा है।” उन्होंने रेड क्रॉस के नारे “सेवा, धर्म हमारा” के माध्यम से छात्रों को एक आदर्श स्वयंसेवी बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रो. निरंजना शर्मा ने सभी पंजीकृत स्वयंसेवियों को उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा प्रकाशित मार्गदर्शिका पुस्तिका वितरित की। साथ ही सभी स्वयंसेवियों को बीमार, पीड़ित एवं आपदा में फंसे लोगों की निस्वार्थ सहायता करने की शपथ भी दिलाई गई।

प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे रेड क्रॉस के सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि छात्र स्वयं में सेवा भावना विकसित करें और जरूरतमंदों के लिए सच्चे मित्र बनें।

कार्यक्रम में डॉ. सनोवर, डॉ. सीमा पांडे, डॉ. मीना, डॉ. संगीता सहित अनेक शिक्षकगण व शिक्षणेत्तर कर्मचारी—वरिष्ठ सहायक श्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, दीपक, हितेश, पंकज आदि उपस्थित रहे।

संगोष्ठी का उद्देश्य न केवल छात्रों को जागरूक बनाना था, बल्कि उन्हें सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना भी था।


Please click to share News

Govind Pundir

Related News Stories