पंचायत चुनाव नामांकन संपन्न: जाखणीधार और चंबा में भाजपा प्रमुख निर्विरोध विजयी

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर इशिता और सोना में कांटे की टक्कर : कल नाम वापसी की अंतिम तिथि
टिहरी गढ़वाल 11 अगस्त 2025 । राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायतों के प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख एवं कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शांतिपूर्वक पूरी हो गई। इस बीच विकासखंड जाखणीधार और चंबा में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित हुए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए इशिता सजवान और सोना सजवान ने नामांकन दाखिल किए, जबकि उपाध्यक्ष पद हेतु मान सिंह और हुकुम सिंह ने नामांकन प्रस्तुत किए। नामांकन पत्र जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) नितिका खंडेलवाल को सौंपे गए।
ब्लॉकवार नामांकन स्थिति:
जिले के 9 विकासखण्डों में क्षेत्र पंचायत प्रमुख पदों पर भिलंगना में 4, देवप्रयाग में 2, जौनपुर में 2, कीर्तिनगर में 2, नरेंद्रनगर में 2, प्रतापनगर में 2 और थौलधार में 2 नामांकन प्राप्त हुए। जबकि जाखणीधार में तीनों पदों पर और चंबा में ब्लाक प्रमुख पद पर एक -एक नामांकन दाखिल होने पर निर्विरोध चुने गए हैं। विकास खण्ड प्रतापनगर में ज्येष्ठ उप प्रमुख श्री प्रकाश रमोला एक मात्र नामांकन प्राप्त होने पर निर्विरोध चुने गए।
जाखणीधार में तीन पद निर्विरोध, चंबा में भी भाजपा का कब्ज़ा
उधर चंबा में भी भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सुमन सजवाण के खिलाफ किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिससे उनका निर्वाचन भी निर्विरोध हो गया।
जाखणीधार में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी और पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल प्रमुख पद पर निर्विरोध विजयी हुए। ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर त्रिलोक बिष्ट और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर कीर्ति सिंह पंवार भी निर्विरोध चुने गए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी दीपक पाल आर्य के अनुसार, तीनों पदों पर एक-एक नामांकन पत्र ही दाखिल हुआ था, जिससे निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई।
जाखणीधार में यह चौथी बार है जब प्रमुख पद पर निर्विरोध जीत दर्ज हुई है। राज्य गठन के बाद 2003 में अनीता कंडियाल, 2014 में बेबी असवाल, 2019 में सुनीता देवी और अब 2025 में राजेश नौटियाल निर्विरोध चुने गए। वर्ष 2008 को छोड़कर यहां हमेशा आपसी सहमति से प्रमुख पद का चयन हुआ है।
निर्विरोध चुने जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई, विधायक किशोर उपाध्याय, पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, निवर्तमान प्रमुख सुनीता देवी, पूर्व प्रमुख अनीता कंडियाल, जगदंबा रतूड़ी, मस्ता नेगी, बेबी असवाल, विनोद बिष्ट, प्रेमदत्त जुयाल और पमरवीर पंवार सहित कई स्थानीय नेताओं ने निर्विरोध विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी।
बता दें कि निर्वाचन आयोग के अनुसार नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2025 निर्धारित है।