करवा चौथ पर विशेष

करवा चौथ पर विशेष
Please click to share News

करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। ज्योतिषियों की मानें तो इस बार करवा चौथ पर ग्रहों की विशेष स्थिति बन रही है। करवा चौथ पर 13 साल बाद एक अद्भुत संयोग भी बन रहा है। इस साल करवा चौथ गुरुवार 13 अक्टूबर 2022 को मनाया जाएगा।

आपको बता दें कि 13 साल के बाद मीन राशि का बृहस्पति इस पर्व को ज्यादा सुखद बनाएगा। इससे वैवाहिक जीवन की तमाम अड़चनें भी दूर हो जाएंगी। करवा चौथ हर साल कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। महिलाएं करवा चौथ पर व्रत रखती हैं, पूजा करती हैं और कथा सुनने का भी विधान है।

आइए जानते हैं कि करवा चौथ की कुछ खास कथाएं-

पहली कथा-

एक समय की बात है, एक साहूकार के सात बेटे और उनकी एक बहन थी। बहन का नाम वीरवती था। सातों भाई अपनी बहन से बहुत प्यार करते थे। यहां तक कि वे पहले उसे खाना खिलाते और बाद में स्वयं खाते थे। एक बार उनकी बहन ससुराल से मायके आई हुई थी शाम को भाई जब अपना कार्य बंद कर घर आए तो देखा उनकी बहन बहुत व्याकुल थी। सभी भाई खाना खाने बैठे और अपनी बहन से भी खाने का आग्रह करने लगे, लेकिन बहन ने बताया कि उसका आज करवा चौथ का निर्जला व्रत है। वह खाना सिर्फ चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद ही खा सकती है। चूंकि, चंद्रमा अभी तक नहीं निकला है इसलिए वह भूख-प्यास से व्याकुल हो उठी है। तब उसके भाइयों ने पीपल की आड मे महताब आदि का सुन्दर प्रकाश फैला कर बनावटी चन्द्रोदय दिखला दिया और उसके बाद वीरवती को भोजन करवा दिया। परिणाम यह हुआ कि उसका पति तुरंत अदृश्य हो गया। फिर वीरवती ने बारह महीने तक प्रत्येक चतुर्थी का व्रत किया। अगले साल फिर करवा चौथ आने पर उसने व्रत किया और अपने पति को पुनः प्राप्त किया। 

दूसरी कथा- 

करवा चौथ के व्रत का उल्लेख महाभारत में भी मिलता है। पांडवों पर लगातार आ रही मुसीबतों को दूर करने के लिए द्रौपदी ने भगवान कृष्ण से मदद मांगी, तब श्री कृष्ण ने उन्हें करवा चौथ के व्रत के बारे में बताया। जिसे देवी पार्वती ने भगवान शिव की बताई विधियों के अनुसार रखा था। कहा जाता है कि  दौपद्री के इस व्रत को रखने के बाद न सिर्फ पांडवों की तकलीफें दूर हो गईं, बल्कि उनकी शक्ति भी कई गुना बढ़ गई।

तीसरी कथा

करवा चौथ के व्रत को सत्यवान और सावित्री की कथा से भी जोड़ा जाता है। इस कथा के अनुसार जब यमराज सत्यवान की आत्मा को लेने आए। तो सावित्री ने खाना-पीना सब त्याग दिया। उसकी जिद के आगे यमराज को झुकना ही पड़ा और उन्होंने सत्यवान के प्राण लौटा दिए।

चौथी कथा

एक समय की बात है कि एक करवा नाम की पतिव्रता स्त्री अपने पति के साथ नदी के किनारे के गांव में रहती थी. एक दिन उसका पति नदी में स्नान करने गया. स्नान करते समय वहां एक मगर ने उसका पैर पकड़ लिया। वह मनुष्य करवा-करवा कह के अपनी पत्नी को पुकारने लगा। उसकी आवाज सुनकर उसकी पत्नी करवा भागी चली आई और आकर मगर को कच्चे धागे से बांध दिया। मगर को बांधकर वो यमराज के यहां पहुंची और यमराज से कहने लगी, ‘हे भगवन! मगर ने मेरे पति का पैर पकड़ लिया है। उस मगर को नरक में ले जाओ।’ यमराज बोले, ‘अभी मगर की आयु शेष है, अतः मैं उसे नहीं मार सकता।’ इस पर करवा बोली, ‘अगर आप ऐसा नहीं करोगे तो मैं आप को श्राप देकर नष्ट कर दूंगी।’ सुनकर यमराज डर गए और उस पतिव्रता करवा के साथ आकर मगर को यमपुरी भेज दिया। करवा के पति को दीर्घायु दी। 

करवा चौथ पर ग्रहों की शुभ स्थिति

इस समय गुरु देव बृहस्पति, बुध और शनि स्वगृही यानी अपनी-अपनी राशि में विराजमान हैं, जिससे सुख और सौभाग्य पाने में सरलता होगी। सूर्य और बुध भी एक साथ होंगे और उन पर गुरु का प्रभाव भी होगा। इससे पति-पत्नी का आपसी संबंध और विश्वास मजबूत होगा। शुक्र-बृहस्पति का संबंध भी इस पर्व पर बना रहेगा, जिससे की गई प्रार्थना शीघ्र स्वीकार होगी।

क्या करें, क्या ना करें

करवा चौथ के व्रत पर चंद्रमा के दर्शन के लिए थाली सजाएं। थाली में दीपक, सिंदूर, अक्षत, कुमकुम, रोली और चावल की बनी मिठाई या सफेद मिठाई रखें। संपूर्ण श्रृंगार करें और करवे में जल भरकर मां गौरी और गणेश की पूजा करें। चंद्रमा के निकलने पर छन्नी से या जल में चंद्रमा को देखें और अर्घ्य दें। करवा चौथ व्रत की कथा सुनें।

इसके बाद अपने पति की लम्बी आयु की कामना करें। 

साथ ही श्रृंगार की सामग्री का दान करें और अपनी सासू माँ से आशीर्वाद लें। केवल सुहागिनें या जिनका रिश्ता तय हो गया है, ऐसी महिलाएं ही ये व्रत रख सकती हैं। काले, नीले, भूरे या सफेद वस्त्र धारण न करें। अगर स्वास्थ्य अनुमति नहीं देता तो उपवास न रखें । नीम्बू पानी पीकर ही उपवास खोलें।

करवा चौथ पर करें ये चमत्कारी उपाय:- 
अगर पति पत्नी के बीच में बेवजह झगड़ा होता है तो जल में ढेर सारे सफेद फूल डालकर अर्घ्य दें। अगर पति-पत्नी के बीच में प्रेम कम हो रहा है तो जल में सफेद चंदन और पीले फूल डालकर अर्घ्य दें। अगर पति पत्नी के स्वास्थ्य के कारण वैवाहिक जीवन में बाधा आ रही हो तो पति-पत्नी एक साथ चन्द्रमा को अर्घ्य दें। जल में जरा सा दूध और अक्षत डालें। अगर नौकरी के कारण या जीवन में किसी अन्य कारण से पति-पत्नी के बीच में दूरियां हों तो चन्द्रमा को शंख से जल अर्पित करें।

Please click to share News

Govind Pundir

Related News Stories