विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी के नाम पर स्थापित हो नया विश्वविद्यालय- कुलपति डा0 ध्यानी

विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी के नाम पर स्थापित हो नया विश्वविद्यालय- कुलपति डा0 ध्यानी
Please click to share News

गढ़ निनाद समाचार।

नई टिहरी, 21 अप्रैल 2021। विक्टोरिया क्रास विजेता शहीद गब्बर सिंह नेगी की 108वीं जयंती पर श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय एवं वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डा0 पीताम्बर प्रसाद ध्यानी व श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के अधिकारियों और शहीद वीसी गबर सिंह नेगी मेला समिति के पदाधिकारियों ने चम्बा स्थित ’’गबर सिंह स्मारक’’ में पहुंच कर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रथम विश्व युद्ध के महानायक विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी को हार्दिक पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित की। 

इसके बाद श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय और शहीद गबर सिंह नेगी मेला समिति ने संयुक्त रूप से आदर्श होटल चम्बा में, कोविड 19 गाइडलाइन का पूर्ण पालन सुनिश्चित करते हुये “प्रथम गबर सिंह नेगी स्मृति व्याख्यान” का सूक्ष्म रूपेण आयोजन किया। जिसमें शहीद गबर सिंह नेगी के सगे भतीजे श्री इन्द्र सिंह नेगी ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। 

श्री नेगी ने अपने व्याख्यान में शहीद विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी के व्यक्तित्व व कृतित्व से सभी प्रतिभागियों  को अवगत कराया। उन्होने कहा कि वीर गबर सिंह नेगी प्रथम विश्व युद्ध के महानायक थे जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध में अपना अद्भूत शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन किया और अपने प्राणों की आहुति देकर सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हे ब्रिटिश सेना के सर्वोच्च सम्मान ” विक्टोरिया क्रॉस”  से सम्मानित किया गया। उनके अद्भूत पराक्रम और शौर्य ने अपनी मातृभूमि को पूरे विश्व में गौरवान्वित किया। श्री नेगी जी ने यह भी अवगत कराया कि आज हमारे जवान सैन्य प्रशिक्षण के बाद लैन्सडाउन में गबर सिंह नेगी जी की प्रतिमा के नीचे देश सेवा की शपथ लेते हैं, और आज हम भी शपथ लेते है कि उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्वों को ओर चिर-स्थाई बनायेंगेे।

कुलपति डा0 ध्यानी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महानुभावों का श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय की ओर से स्वागत किया। विशेष रूप से शहीद गबर सिंह नेगी मेला समिति का जिन्होने संयुक्त रूप से “गबर सिंह नेगी स्मृति व्याख्यान” आयोजित करने की पूर्ण सहमति दी। 

डा0 ध्यानी ने अपने सार-गर्भित उद्बोधन में कहा कि शहीद गबर सिंह नेगी मेले की शुरूआत चम्बा से पिछले लगभग 96 वर्ष पूर्व हुयी थी। यह गढ़वाल का एक ऐताहसिक मेला है।  उन्होने कहा कि आज हम वीर गबर सिंह नेगी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से गौरवान्वित होते है, और हमारे युवाओं को प्रथम विश्व युद्ध के इस महानायक के जीवन से निरन्तर प्रेरणा लेनी चाहिए।  

डा0 ध्यानी ने कहा कि उन्होने  एक साल पहले कुलपति, श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के पद के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद शहीद गबर सिंह नेगी की जन्मस्थली मन्ज्यूड गांव का भ्रमण किया था। गांव में जाकर उन्होने निर्णय लिया था कि वे शहीद विक्टोरिया क्रास गबर सिंह नेगी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को और चिर स्थाई बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोडेंगे। उन्होंने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल का नाम ’’विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी मेमोरियल हाल’’ कर दिया, और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को और चिर स्थाई बनाने के लिये विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रम में शामिल करने हेतु एक समिति भी गठित कर दी। 

उन्होने कहा कि आज से “विक्टोरिया क्रास गबर सिंह नेगी स्मृति व्याख्यान” की शुरुआत भी हो चुकी है। अब इस व्याख्यान को विश्वविद्यालय गबर सिंह मेला समिति के साथ समन्वय कर, संयुक्त रूप से, हर वर्ष आयोजित करेगा। डा0 ध्यानी ने यह बताकर प्रसन्नता जाहिर की कि उन्होने 42 वर्ष की सेवा, उत्तर प्रदेश, भारत सरकार और उत्तराखण्ड में की। लेकिन जो आत्म सन्तोष उन्हे टिहरी गढ़वाल के 02 महान सपूतों, श्रीदेव सुमन  और वीर गबर सिंह नेगी की जन्मस्थली में मिलता है, वैसा उन्हे पहले कभी अनुभव नही हुआ।

डा0 ध्यानी ने यह भी कहा कि उनका परम सौभाग्य है कि वे टिहरी जनपद के मूल निवासी हैं और आज वे टिहरी गढ़वाल के 02 महान सपूतों के नाम पर उत्तराखण्ड में स्थापित दो विश्वविद्यालयों (श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय और वीर माधो सिंह भण्डारी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के कुलपति हैं, और अपने दायित्वों का पूर्ण रूपेण बेहद ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं।

डा0 ध्यानी ने अपने दो सुझावों से सभी को अवगत कराया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार उनके सुझाव पर जरूर विचार करेगी –

1.    विक्टोरिया क्रास गबर सिंह नेगी की जन्मस्थली “मंज्यूड गांव” में सड़क का निर्माण हो और उनके पैतृक घर का संरक्षण।

2.    विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी के नाम पर राज्य में एक विश्वविद्यालय स्थापित हो, जिसका मुख्य फोकस सैन्य शिक्षा और सुरक्षा प्रबंधन हो।

स्मृति व्याख्यान समारोह कार्यक्रम में मा0 विधायक टिहरी, डा0 धन सिंह नेगी ने टिहरी में हो रहे विकासात्मक कार्यो की जानकारी दी। विशेष रूप से शहीद वीसी गबर सिंह नेगी के नाम पर उन्होंने कहा कि गबर सिंह नेगी मेला राजकीय मेला घोषित हो चुका है, अतः अग्रिम समय में यह भव्य रूप से चम्बा में आयोजित होगा। उन्होंने कुलपति डा0 ध्यानी के सुझाव पर पूर्ण सहमति दी और कहा कि वे राज्य सरकार को शहीद विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी के नाम पर राज्य में नया विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव भेजेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा0 मंत्री, सैनिक कल्याण एंव औधोगिक विकास, श्री गणेश जोशी ने मेला समिति और विश्वविद्यालय को इस सूक्ष्म कार्यक्रम को, कोविड नियमों के अन्तर्गत, करने पर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण के लिये और शहीद वीर सैनिकों के नाम पर, राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्य किये गये हैं और किये जा रहे है। चम्बा सुरंग का नाम विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह नेगी के नाम पर और मंज्यूड गांव में संग्राहलय का कार्य भी शीघ्रतिशीघ्र पूर्ण कर लिया जायेगा।

कार्यक्रम के अंत में मंज्यूड गांव की महिलाओं और छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया और कुलपति डा0 ध्यानी द्वारा उन्हे सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम का संचालन डा0 हेमन्त बिष्ट और रघुभाई जडधारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। 

इस मौके पर इन्द्र सिंह नेगी, अध्यक्ष मेला समिति, देव सिंह पुंडीर, अध्यक्ष पूर्व सैनिक कल्याण एसोसिएशन, टिहरी, आनन्द सिंह नेगी, सोमवारी लाल सकलानी, संजय बहुगुणा, शक्ति प्रसाद जोशी, कमल सिंह नेगी, कुलसचिव डा0 एम0एस0रावत, उपकुलसचिव खेमराज भट्ट, बी0एल0आर्य, सहायक कुलसचिव हेमराज चौहान, कुलदीप सिंह नेगी, राहुल सजवाण, तेजप्रकाश, अर्जुन एवं चम्बा, टिहरी और बादशाहीथौल के गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

Related News Stories